करौटा के जगदंबा मंदिर के समीप मैरेज हॉल की दीवार तेज आंधी में गिरी, नीचे खड़ी दो गाड़ियां चकनाचूर, टला बड़ा हादसा।
बख्तियारपुर: आंधी में मैरिज हॉल की दीवार गिरी, दो गाड़ियां क्षतिग्रस्त।
करौटा जगदंबा स्थान के पास शादी समारोह के दौरान हॉल की छत की दीवार अचानक गिरा।
बख्तियारपुर: पटना के सालिमपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत करौटा जगदंबा स्थान के समीप स्थित 'संगीता विला मैरेज हॉल' में बीती रात एक बड़ा हादसा टल गया। बुधवार, 29 अप्रैल की रात्रि तेज आंधी और बारिश के दौरान मैरिज हॉल की छत के ऊपर बनी एक तरफ की दीवार अचानक भरभरा कर गिर पड़ी।
शादी की खुशियों के बीच मची अफरातफरी
हादसे के वक्त मैरेज हॉल में शादी का जश्न चल रहा था। बैंड-बाजे की धुन पर लोग नाच-गा रहे थे, तभी अचानक मौसम बदला और तेज आंधी चलने लगी। आंधी और बारिश से बचने के लिए अधिकांश मेहमान हॉल के मुख्य हिस्से के अंदर चले गए थे। इसी बीच हॉल की ऊपरी दीवार अचानक नीचे आ गिरी।
लाखों का नुकसान, जान की बची खैर
दीवार गिरने से ठीक नीचे खड़ी दो फोर व्हीलर गाड़ियां उसकी चपेट में आ गईं और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। गनीमत यह रही कि दीवार गिरने के समय गाड़ियों के पास या दीवार के नीचे कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ी जान-माल की हानि हो सकती थी। घटना के बाद मौके पर काफी देर तक अफरातफरी का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों और मैरिज हॉल प्रबंधन ने राहत की सांस ली कि इस घटना में किसी भी व्यक्ति को चोट नहीं आई है।

Post a Comment